गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में देर रात लगी भीषण आग: पूरी रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन, आग बुझने के बाद ही रवाना हुए कलेक्टर गौरव सिंह


रायपुर, 13 नवंबर। राजधानी रायपुर के भनपुरी स्थित गजराज पॉलीमर इंडस्ट्री में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि इसे काबू में करने के लिए दमकल कर्मियों को पूरी रात कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह जिला प्रशासन के अधिकारियों और दमकल टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

आग की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने मौके पर मौजूद रहकर पूरे अभियान की निगरानी की। उनके साथ एसडीएम नभसिंह कोसले, तहसीलदार राममूर्ति दीवान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दमकल कर्मियों को आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं उपलब्ध कराते हुए आग बुझाने के प्रयासों को तेज कराया।

भीषण आग पर काबू पाने के लिए रातभर अभियान चलाया गया। कलेक्टर स्वयं पूरी रात घटनास्थल पर डटे रहे। उनके साथ प्रशासनिक अधिकारी भी सुबह तक मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए रहे और राहत कार्यों की निगरानी करते रहे।

दमकल कर्मियों के लगातार प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया। आग पूरी तरह बुझने तक कलेक्टर सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहे। इसके बाद ही अधिकारी मौके से रवाना हुए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *