पुरी में होटल बुकिंग के नाम पर ठगी: नवापारा की युवती से 90 हजार पार, रिफंड के झांसे में 6 बार कराया भुगतान


रायपुर, ओडिशा के प्रसिद्ध तीर्थस्थल जगन्नाथ पुरी में दर्शन के लिए होटल बुक करना गोबरा नवापारा की 20 वर्षीय युवती को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने फर्जी होटल वेबसाइट और वाट्सएप के जरिए उसे अपने जाल में फंसाकर 90,249 रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने पहले होटल के कमरे की बुकिंग के नाम पर एडवांस लिया, फिर तकनीकी खराबी और रिफंड का बहाना बनाकर छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन में पूरी रकम अपने खाते में ट्रांसफर करा ली।

गूगल पर होटल तलाशते समय फर्जी वेबसाइट के जाल में फंसी

जानकारी के अनुसार, गोबरा नवापारा के सदर रोड निवासी तोषिबा सिन्हा ने 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू की है। सात अक्टूबर को उन्होंने जगन्नाथ पुरी यात्रा के दौरान ठहरने के लिए इंटरनेट पर होटल की तलाश की। इसी दौरान गूगल सर्च में उन्हें ‘एसकेएस बीच होटल स्पा’ नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी।

वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर युवती ने वाट्सएप के जरिए संपर्क किया। सामने वाले व्यक्ति ने दो दिन के कमरे का किराया 14 हजार रुपये बताया और बुकिंग के लिए 50 प्रतिशत एडवांस यानी सात हजार रुपये क्यूआर कोड के माध्यम से भेजने को कहा। युवती ने बताए गए क्यूआर कोड पर रकम ट्रांसफर कर दी और बुकिंग की रसीद मांगी।

रिफंड का झांसा देकर छह बार कराया भुगतान

रकम मिलने के बाद आरोपी ने सिस्टम में तकनीकी खराबी आने की बात कही। उसने युवती को बताया कि पहले भेजी गई रकम रिफंड की जा रही है और बुकिंग पूरी करने के लिए दोबारा भुगतान करना होगा। इसके बाद आरोपी ने कभी सर्वर फेल होने तो कभी भुगतान में एरर आने का बहाना बनाकर युवती से लगातार पैसे ट्रांसफर करवाए।

ठग के कहने पर युवती ने सात हजार रुपये के शुरुआती भुगतान के बाद 7,049 रुपये, दो बार 14,049 रुपये, फिर 28,099 रुपये और अंत में 19,999 रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन में उसके खाते से कुल 90,249 रुपये निकल गए।

न होटल मिला, न वापस आई रकम

काफी देर तक बुकिंग की पुष्टि नहीं होने और होटल का कमरा नहीं मिलने पर युवती को ठगी का अहसास हुआ। जब उसने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, तो मोबाइल नंबर बंद आने लगा। इसके बाद पीड़िता ने गोबरा नवापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने संबंधित मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

होटल बुकिंग करते समय इन बातों का रखें ध्यान

  • होटल की बुकिंग हमेशा आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय बुकिंग प्लेटफॉर्म से करें।
  • गूगल सर्च में मिले किसी अनजान नंबर पर बिना सत्यापन के पैसे न भेजें।
  • क्यूआर कोड से भुगतान करने से पहले होटल और भुगतान प्राप्तकर्ता की पहचान जांचें।
  • रिफंड के नाम पर बार-बार भुगतान करने के दबाव में न आएं।
  • साइबर ठगी होने पर तुरंत अपने बैंक और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें तथा आधिकारिक पोर्टल gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *