- हर छत पर तिरंगा, हर दिल में देशभक्ति – पुरन्दर मिश्रा ने दिया राष्ट्रएकता का संदेश
- तिरंगा हमारी शान, भारत हमारी पहचान – पुरन्दर मिश्रा का हर घर तिरंगा का संदेश
रायपुर। मन में मां भारती के प्रति अगाध श्रद्धा, हृदय में राष्ट्रभक्ति का भाव और हाथों में तिरंगे की आन-बान-शान के साथ आज राजधानी रायपुर में ‘स्वतंत्रता की दौड़’ का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस अवसर पर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सहभागिता कर नागरिकों के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
स्वतंत्रता की दौड़ में युवाओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने संकल्प को अभिव्यक्त किया। पूरे आयोजन में तिरंगे की शान और राष्ट्रभक्ति का जोश देखते ही बन रहा था। भारत माता के जयघोष और तिरंगे के प्रति सम्मान ने राजधानी के वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस अवसर पर माननीय राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल , जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं, बल्कि भारत की गौरवशाली विरासत, स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, वीर जवानों के शौर्य और 140 करोड़ भारतीयों की एकता एवं अस्मिता का प्रतीक है। तिरंगे के नीचे हर भारतीय की पहचान एक है और यही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्र को जोड़ने वाला जन-आंदोलन है। जब देश के प्रत्येक घर की छत पर तिरंगा लहराता है, तो वह केवल एक ध्वज नहीं होता, बल्कि उस परिवार के राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्य और गौरव की भावना को प्रदर्शित करता है। यह अभियान नई पीढ़ी को स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर वीरों के त्याग और बलिदान से परिचित कराने का भी सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि आजादी हमें सहज रूप से नहीं मिली। असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने जीवन का बलिदान देकर भारत की स्वतंत्रता का मार्ग प्रशस्त किया। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम स्वतंत्रता के इस अमृत भाव को अपने जीवन में आत्मसात करें और एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान करते हुए कहा कि आइए, राष्ट्रभक्ति की अलख को हर दिल तक पहुंचाएं, तिरंगे के सम्मान को जन-जन की भावना बनाएं और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनभागीदारी का महापर्व बनाएं।
हर घर तिरंगा — हर दिल तिरंगा।
तिरंगा हमारी शान है, भारत हमारी पहचान है।
