रायपुर । छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी द्वारा विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट (8,848.86 मीटर) पर सफलतापूर्वक तिरंगा लहराने वाली पर्वतारोही अमिता श्रीवास का कंपनी मुख्यालय में सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने उन्हें स्मृति चिन्ह एवं एक पौधा भेंट कर उनके अदम्य साहस, दृढ़ संकल्प तथा ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर अमिता श्रीवास ने माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रमुख सचिव, ऊर्जा एवं छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके द्वारा प्रेषित शुभकामनाओं एवं बधाई संदेश के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार ने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी प्रदेश की उभरती प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है। इसी उद्देश्य से कलेक्टर (जांजगीर-चांपा) की अनुशंसा पर कंपनी ने अमिता श्रीवास के माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की।
सम्मान समारोह में अमिता श्रीवास ने छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। सीमित संसाधनों तथा साधारण परिवार से होने के बावजूद उन्होंने माउंट एवरेस्ट फतह करने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ स्टेट पावर जनरेशन कंपनी द्वारा प्रदान की गई आर्थिक सहायता एवं प्रोत्साहन ने उनके मनोबल को सुदृढ़ किया, जिसके बल पर वे माउंट एवरेस्ट अभियान को सफलतापूर्वक पूरा कर सकीं।
सम्मान समारोह में कार्यपालक निदेशक एम.एस. कंवर, सी.एल. नेताम, संदीप मोदी, मुख्य अभियंता संजीव शुक्ला, गिरीश गुप्ता, सुभाष शर्मा, जीतेन्द्र कुमार चावड़ा, देवेन्द्र नाथ, इन्तेकाब आलम अंसारी, एच.एन. कोसरिया, रोहित डहरवाल, शशिधर द्विवेदी तथा बलवंत पाटिल उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविन्द पटेल ने किया।
