रायपुर । दिल्ली में राहुल गांधी के PM आवास घेराव के विरोध में छत्तीसगढ़ में भाजपा और कांग्रेस नेता आमने-सामने हो गए हैं। भाजपा नेता कांग्रेस दफ्तर का घेराव करने निकले। इस दौरान राजीव भवन के पास कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और दो बार आंसू गैस छोड़ी गई। कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगाई गई, जिसे प्रदर्शनकारियों ने तोड़ने की कोशिश की।
भाजपा ने आरोप लगाया है कि दिल्ली में PM आवास का घेराव कर राहुल गांधी ने अराजकता फैलाने की कोशिश की। डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि राहुल गांधी देश में अर्बन नक्सलवाद को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।
वहीं, भाजपा के इस घेराव के बाद कांग्रेस नेता भी अलग से प्रदर्शन करेंगे। राजीव भवन में बड़ी संख्या में कांग्रेसी जुट गए हैं। घेराव को देखते हुए एहतियातन ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों को लेकर एडवाइजरी जारी की है। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।
पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आवश्यकता होने पर ही प्रभावित मार्गों का उपयोग करें। वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें।
