रायपुर को मिली दो आधुनिक उद्यानों की सौगात, ₹1.51 करोड़ की परियोजना का लोकार्पण


रायपुर  रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रायपुर नगर पालिक निगम पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन के माध्यम से सीईआर (कॉर्पोरेट एनवायरनमेंटल रिस्पॉन्सिबिलिटी) निधि से नगर निगम जोन-8 अंतर्गत पंडित जवाहरलाल नेहरू वार्ड क्रमांक-2, कबीर नगर में पानी टंकी परिसर स्थित लगभग पौने दो एकड़ क्षेत्र में रिंग रोड के पास 86 लाख 22 हजार रुपये तथा नगर निगम जोन-9 क्षेत्र में कचना जीएडी कॉलोनी में लगभग दो एकड़ क्षेत्र में 64 लाख 64 हजार रुपये की लागत से विकसित दो आधुनिक सुविधाओं से युक्त उद्यानों का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष भोलाराम साहू, जोन-9 अध्यक्ष गोपेश साहू, वार्ड-2 पार्षद भगतराम हरबंश, वार्ड-69 पार्षद महेन्द्र औसर, वार्ड-70 पार्षद अर्जुन यादव, गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन के प्रतिनिधि, गोयल टीएमटी समूह के वरिष्ठ महाप्रबंधक व्यवसाय सुरेश अग्रवाल, नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल, जोन-9 कमिश्नर राकेश शर्मा, उपायुक्त जागृति साहू, कार्यपालन अभियंता गजाराम कँवर, अतुल चोपड़ा, शरद ध्रुव, अधिवक्ता लोकमाया वैष्णव, मोर माटी मोर संस्कृति की अध्यक्ष गीता साहू, सामाजिक कार्यकर्ता अतुल तिवारी, पंकज सिंह, टकेश्वर चंद्रा, माँ तारिणी महिला स्वसहायता समूह, ॐ नमः शिवाय समिति अटल नगर के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्यजन, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं, नवयुवक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने दोनों नए उद्यानों के लोकार्पण पर नागरिकों को बधाई देते हुए कहा कि कबीर नगर में रिंग रोड के समीप विकसित उद्यान स्थानीय लोगों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा। उन्होंने कहा कि वार्ड-2 पार्षद भगतराम हरबंश सक्रिय एवं जागरूक जनप्रतिनिधि हैं और वार्ड विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन एवं गोयल टीएमटी समूह की समाजसेवा में निभाई जा रही भूमिका की सराहना करते हुए बताया कि फाउंडेशन अगले पांच वर्षों तक दोनों उद्यानों का संधारण करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 1 करोड़ 43 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन विस्तार, सीसी रोड, नाली और सामुदायिक भवन सहित विभिन्न विकास कार्य शीघ्र कराए जाएंगे। इसके अलावा सोनडोंगरी मुक्तिधाम तक पहुंच मार्ग का निर्माण तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश पर मोर माटी मोर संस्कृति समिति की मांग के अनुरूप कबीर नगर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक के पास विशाल सामुदायिक भवन का निर्माण किया जाएगा।

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम कबीर नगर क्षेत्र को भी शहर के अन्य वार्डों की तरह विकसित करेगा। उन्होंने कहा कि गिन्नी देवी गोयल फाउंडेशन ने अत्यंत सुंदर उद्यान विकसित किए हैं और उनका रखरखाव भी अगले पांच वर्षों तक करेगा। उन्होंने नागरिकों से उद्यानों के संरक्षण में सहभागिता निभाने की अपील की।

पर्यावरण एवं उद्यानिकी विभाग अध्यक्ष भोलाराम साहू, वार्ड-2 पार्षद भगतराम हरबंश तथा गोयल टीएमटी समूह के वरिष्ठ महाप्रबंधक व्यवसाय सुरेश अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन नगर निगम अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भोलाराम साहू ने किया।

कार्यक्रम के दौरान माँ तारिणी महिला स्वसहायता समूह द्वारा महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण दिया गया। रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, महापौर मीनल चौबे और आयुक्त संबित मिश्रा ने प्रशिक्षित महिलाओं को सिलाई प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *