-बीजापुर। बीजापुर जिले के सुदूर इलाकों में शिक्षा की नई शुरुआत हुई है। 2005 से वर्षों से बंद पड़े 37 विद्यालयों का दोबारा संचालन शुरू कर दिया गया है। इनमें पीडिया क्षेत्र के 11 स्कूल भी शामिल हैं, जहां 21 साल बाद फिर से बच्चों की किलकारियां और स्कूल की घंटी गूंजी। जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया और उन्हें गणवेश, स्कूल बैग तथा अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप सहित जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
बीजापुर में शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल देखने को मिली है। जिले के 37 बंद विद्यालयों को फिर से शुरू किया गया है, जिससे दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के बच्चों को अपने गांव के पास ही शिक्षा का अवसर मिलेगा। पीडिया क्षेत्र के 11 स्कूलों में 21 साल बाद शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया, जहां 539 बच्चों ने स्कूल में प्रवेश लिया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें गणवेश, स्कूल बैग और अध्ययन सामग्री वितरित की गई।
इस मौके पर बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव है। केंद्र और राज्य सरकार दूरस्थ क्षेत्रों के हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और बंद विद्यालयों का पुनः संचालन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अब जिन इलाकों में कभी स्कूल बंद थे, वहां शिक्षा की नई उम्मीद दिखाई दे रही है।
