रायपुर । राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। Raipur Municipal Corporation की मेयर इन काउंसिल (MIC) बैठक में शहर के एक प्रमुख मार्ग का नाम बदलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। अब सद्दानी चौक से कोतवाली चौक तक का व्यस्त मार्ग जल्द ही “स्व. ओमप्रकाश पुजारी मार्ग” के नाम से जाना जाएगा। बुधवार को हुई बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए इसे आगे की विभागीय स्वीकृति और निगम की आगामी सामान्य सभा में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जानकारी के मुताबिक, इस मार्ग के नामकरण की मांग गौड़ ब्राह्मण समाज महिला इकाई की अध्यक्षा प्रतिभा ओमप्रकाश पुजारी ने नगर निगम के संस्कृति विभाग के समक्ष आवेदन देकर की थी। एमआईसी बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
स्व. ओमप्रकाश पुजारी का क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव माना जाता रहा है। पुजारी परिवार का लंबे समय से इसी इलाके में निवास रहा है और क्षेत्र के ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले ओमप्रकाश पुजारी ने Vishva Hindu Parishad और Bharatiya Janata Yuva Morcha में सक्रिय भूमिका निभाई थी। संगठन क्षमता और हिंदुत्ववादी विचारधारा के कारण वे भाजपा और Rashtriya Swayamsevak Sangh के मजबूत चेहरों में गिने जाते थे।
बताया जा रहा है कि स्व. पुजारी, रायपुर सांसद Brijmohan Agrawal के बचपन के मित्र भी थे और क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में लगातार सक्रिय रहते थे.
