“समस्या तुंहर, समाधान हमर”: अब एक कॉल पर मिलेगा समस्याओं का समाधान


जल्द शुरू होगी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सेवा, शिकायतों का होगा त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण

सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली पर प्रशिक्षण आयोजित

मुंगेली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए “समस्या तुंहर, समाधान हमर” थीम पर सीएम हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली सेवा जल्द प्रारंभ की जाएगी। इस नई व्यवस्था के माध्यम से जिले के नागरिक अब केवल एक फोन कॉल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और उसकी निरंतर मॉनिटरिंग भी कर पाएंगे।
जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार हेल्पलाइन सेवा प्रारंभ होने के बाद नागरिक राज्य के भीतर 1076 नंबर तथा राज्य के बाहर से 1800-233-3300 नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज करा सकेंगे। इसके अलावा शिकायतें वेब पोर्टल, मोबाइल एप, व्हाट्सएप एवं भौतिक पत्र के माध्यम से भी दर्ज की जा सकेंगी।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में सीएम हेल्पलाइन के प्रभावी संचालन हेतु प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में सुशासन एवं अभिसरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी अशोक चौबे एवं पवन तिवारी ने अधिकारियों को शिकायत पंजीयन, ट्रैकिंग एवं निराकरण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही पोर्टल संचालन एवं तकनीकी प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
शिकायत दर्ज होते ही मिलेगा टोकन नंबर
नई शिकायत प्रबंधन प्रणाली के तहत प्रत्येक शिकायत को एक विशेष टोकन नंबर दिया जाएगा, जिससे शिकायतकर्ता अपनी शिकायत की स्थिति हर स्तर पर ट्रैक कर सकेंगे। शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा समाधान के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक भी लिया जाएगा। शासन स्तर पर अधिकारियों द्वारा की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, जिससे जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।
इन मामलों में शिकायत स्वीकार नहीं होगी
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना का अधिकार (त्ज्प्) से संबंधित प्रकरण, न्यायालय में विचाराधीन मामले, मांग संबंधी आवेदन, विभागीय स्थापना संबंधी प्रकरण तथा केंद्र सरकार से जुड़े मामलों में शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।
समस्याओं का होगा त्वरित और पारदर्शी समाधान
कलेक्टर ने कहा कि “समस्या तुंहर, समाधान हमर” थीम पर शुरू की जा रही यह हेल्पलाइन सेवा शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल है। इसका उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सेवा प्रारंभ होते ही वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु हेल्पलाइन नंबर 1076 का उपयोग करें। कार्यक्रम में एसएसपी भोजराम पटेल, डीएफओ अभिनव कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल.यादव, मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *