रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने पर सफल विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष हाई स्कूल परीक्षा में 77.15 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी परीक्षा में 83.04 प्रतिशत विद्यार्थियों ने सफलता हासिल की है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बेटियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने एक बार फिर शानदार सफलता दर्ज कर अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों के छात्रों का प्रावीण्य सूची में स्थान बनाना यह साबित करता है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनके अनुशासन, समर्पण और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ये छात्र न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ और देश का गौरव हैं। साथ ही जिन विद्यार्थियों को अपेक्षित परिणाम नहीं मिल पाए हैं, उनसे निराश न होने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।
