भाजपा स्थापना दिवस पर पीएम मोदी बोले-यूसीसी और वन नेशन-वन इलेक्शन हमारा अगला मिशन


नई दिल्ली  भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) और ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ पार्टी का अगला मिशन होगा।
स्थापना दिवस को बताया भावनात्मक अवसर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां कार्यकर्ता पार्टी को अपनी मां मानते हैं। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भावनात्मक अवसर होता है, जो कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का मौका देता है।
कार्यकर्ताओं के तप और त्याग का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि आज भाजपा जिस शिखर पर है, उसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का तप, त्याग और समर्पण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की भूमिका को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि यही समर्पण संगठन को लगातार आगे बढ़ा रहा है।
राष्ट्र प्रथमकी विचारधारा को बताया पहचान
उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने आचरण से देश की राजनीति में ‘राष्ट्र प्रथम’ का सिद्धांत स्थापित किया है। नीयत, नीति और निष्ठा के आधार पर पार्टी ने अपनी लंबी यात्रा तय की है और सेवा आधारित राजनीति को मजबूत किया है।
राजनीतिक संघर्ष के दौर को किया याद
प्रधानमंत्री ने 1984 के दौर को याद करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस को भारी बहुमत मिला था, लेकिन जनता का विश्वास धीरे-धीरे भाजपा की ओर बढ़ता गया। उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में दो धाराएं स्पष्ट हुईं—एक सत्ता आधारित राजनीति और दूसरी सेवा आधारित राजनीति, जिसमें भाजपा ने अपनी अलग पहचान बनाई।
सरकार की प्रमुख उपलब्धियां गिनाईं
पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार ने कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं, जिनमें तीन तलाक पर रोक, सीएए, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, नए संसद भवन का निर्माण और गरीबों के लिए 10% आरक्षण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी फैसले ईमानदार प्रयासों का परिणाम हैं।
नए लक्ष्यों और टेक्नोलॉजी पर जोर
उन्होंने कहा कि पार्टी अब अपने अगले मिशन—यूसीसी और ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’—पर आगे बढ़ेगी। साथ ही बदलती तकनीक के दौर में खुद को ढालने और नए लक्ष्यों पर काम करने की जरूरत पर भी बल दिया।
विकसित भारतके लक्ष्य को दोहराया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से यह लक्ष्य जरूर हासिल होगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *