- सेवा भवन में प्रबंध निदेशकों ने किया सम्मानित
रायपुर । छ्त्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ से कार्यपालक निदेशक (वित्त) आलोक सिंह एवं अतिरिक्त महाप्रबंधक (जनसंपर्क) उमेश कुमार मिश्रा सहित कुल 8 अधिकारी-कर्मचारियों को अधिवार्षिकी पूर्ण होने पर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
पॉवर कंपनीज़ के मुख्यालय सेवा भवन में आयेजित समारोह में प्रबंध निदेशक (जनरेशन) एस. के. कटियार, प्रबंध निदेशक (ट्रांसमिशन) राजेश कुमार शुक्ला, प्रबंध निदेशक (डिस्ट्रीब्यूशन) भीम सिंह कंवर तथा निदेशक आरए पाठक ने सेवानिवृत्त ईडी श्री सिंह एवं एजीएम श्री मिश्र को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इन अधिकारियों के समर्पण, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं अनुभव ने पॉवर कंपनी के विकास कार्यों को नई दिशा और गति प्रदान की है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि दोनों अधिकारियों ने तीनों कंपनियों में सेवाएं देते हुए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
आलोक सिंह अपने सेवाकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि पावर कंपनी निरंतर प्रगति कर रही है। पिछले कुछ वर्षों से कंपनी में किये गए नवाचार और उपायों से काफी सुधार हुआ है। भारत सरकार के ऊर्जा मंत्रालय की 14 वीं रिपोर्ट में डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी को ए ग्रेड मिला है।
श्री मिश्र ने कहा कि पत्रकारिता से लेकर अविभाजित मध्यप्रदेश विद्युत मंडल से लेकर छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज और मुख्यमंत्री सचिवालय में 24 वर्षों तक की यात्रा चुनौतियों से भरी रही, किन्तु सबके सहयोग से सभी कार्य सफलतापूर्वक एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जा सके। दोनों अधिकारियों ने प्रबंधन, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
