जम्मू तक दौड़ेगी वंदे भारत


जम्मू/श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में रेल संपर्क को मजबूती देते हुए उत्तर रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस (श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा–श्रीनगर) का विस्तार अब जम्मू तक कर दिया है। लंबे समय से उठ रही मांग के बाद यह फैसला लिया गया, जिससे जम्मू और कश्मीर घाटी के बीच तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा का नया विकल्प मिल गया है।

अब यात्री जम्मू से श्रीनगर की दूरी पांच घंटे से भी कम समय में तय कर सकेंगे। सड़क मार्ग पर भूस्खलन, भारी बर्फबारी और खराब मौसम के कारण अक्सर आवागमन बाधित होता रहा है। ऐसे में सेमी हाई-स्पीड वंदे भारत सेवा हर मौसम में सुगम और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करेगी।

यह विस्तार उत्तरी रेलवे द्वारा बढ़ती यात्री मांग को देखते हुए किया गया है। आधुनिक सुविधाओं और उन्नत सुरक्षा प्रणालियों से लैस वंदे भारत ट्रेनें यात्रियों को आरामदायक और तेज सफर का अनुभव देती हैं।

गौरतलब है कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक (USBRL) परियोजना को 6 जून 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया था। इसके बाद से ही जम्मू को सीधे श्रीनगर से सेमी हाई-स्पीड ट्रेन सेवा से जोड़ने की मांग तेज हो गई थी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस कदम से स्थानीय निवासियों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों को बड़ा लाभ मिलेगा। पर्यटन को बढ़ावा, व्यापारिक गतिविधियों में तेजी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। जम्मू-कश्मीर में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *