डिजिटल क्रांति से सशक्त होगा छत्तीसगढ़: बृजमोहन अग्रवाल


रायपुर। राजधानी रायपुर में आज भारत संचार निगम लिमिटेड की दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) की दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। बैठक में नेटवर्क विस्तार, निर्बाध सेवा, भविष्य की तकनीकी तैयारी और ग्रामीण कनेक्टिविटी जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान सांसद अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में BSNL की सेवाएं केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बस्तर से लेकर सरगुजा तक प्रदेश के हर गाँव और हर घर तक विश्वसनीय कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण एवं दूरस्थ इलाकों में नेटवर्क विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि डिजिटल सेवाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंच सके। निर्बाध दूरसंचार सेवाओं के महत्व को रेखांकित करते हुए सांसद ने कहा कि बिजली बाधित होने की स्थिति में भी नेटवर्क सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए वैकल्पिक ऊर्जा व्यवस्थाएं विकसित की जानी चाहिए। उन्होंने नए टावरों की स्थापना और मौजूदा नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर के उन्नयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस पहल से आपातकालीन परिस्थितियों में भी संचार सेवाएं सुचारु बनाए रखने में सहायता मिलेगी। भविष्य की तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए बैठक में छत्तीसगढ़ में शीघ्र 5G सेवाओं की शुरुआत पर भी जोर दिया गया।
सांसद अग्रवाल ने BSNL अधिकारियों से कहा कि आधुनिक तकनीक के अनुरूप सेवाओं का विस्तार किया जाए और टैरिफ दरों को जनहित में सुलभ रखा जाए, ताकि आम नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं किफायती दरों पर उपलब्ध हो सकें। इसके अतिरिक्त, SWAN (स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क) और NOFA (नेशनल ऑप्टिकल फाइबर आर्किटेक्चर) जैसी योजनाओं के माध्यम से प्रत्येक पंचायत को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया गया। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने नेटवर्क सुदृढ़ीकरण और सेवा गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया। सांसद अग्रवाल ने कहा कि मजबूत नेटवर्क और सुलभ संचार सेवाओं के माध्यम से ‘आत्मनिर्भर डिजिटल छत्तीसगढ़’ का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विश्वास जताया कि समन्वित प्रयासों से राज्य में डिजिटल कनेक्टिविटी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की जाएगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *