T20 World Cup 2026 : भारत-पाकिस्तान मैच के लिए ICC का बड़ा ऐलान, इन 2 दिग्गजों पर जताया भरोसा


नेशनल डेस्क : टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच 7 फरवरी से शुरू होने जा रहा है। यह मेगा टूर्नामेंट भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। क्रिकेट फैंस की सबसे ज्यादा निगाहें भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले पर टिकी होंगी, जो 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला हमेशा की तरह हाई-वोल्टेज रहने वाला है। इसी बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने इस मैच को लेकर बड़ा फैसला लिया है।

ग्रुप स्टेज के लिए ICC ने घोषित किए ऑफिशियल्स

ICC ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज मुकाबलों के लिए मैच ऑफिशियल्स की सूची जारी कर दी है। इस चरण के लिए कुल 24 ऑन-फील्ड अंपायर और 6 मैच रेफरी नियुक्त किए गए हैं। वहीं, सुपर-8 और नॉकआउट मुकाबलों के ऑफिशियल्स की घोषणा बाद में की जाएगी।

भारत-पाकिस्तान मैच की अंपायरिंग किसके हाथ?

सबसे चर्चित मुकाबले भारत-पाकिस्तान के लिए ICC ने दो अनुभवी अंपायरों पर भरोसा जताया है। इस मैच में श्रीलंका के कुमार धर्मसेना और इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ ऑन-फील्ड अंपायर की भूमिका निभाएंगे। कुमार धर्मसेना इससे पहले 2016 और 2022 के टी20 वर्ल्ड कप फाइनल जैसे बड़े मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुके हैं। वह टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच (पाकिस्तान बनाम नीदरलैंड्स) में भी ऑन-फील्ड अंपायर रहेंगे। वहीं, रिचर्ड इलिंगवर्थ भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने लंबे और भरोसेमंद अनुभव के लिए जाने जाते हैं।

ओपनिंग डे और टीम इंडिया के पहले मैच के अंपायर

टूर्नामेंट के पहले दिन कोलकाता में खेले जाने वाले स्कॉटलैंड बनाम वेस्टइंडीज (ग्रुप C) मुकाबले में नितिन मेनन और सैम नोगाजस्की अंपायरिंग करेंगे। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ खेलेगी। इस मैच के लिए पॉल राइफल और रॉड टकर को ऑन-फील्ड अंपायर नियुक्त किया गया है।

टी20 वर्ल्ड कप 2026: मैच ऑफिशियल्स की पूरी सूची

मैच रेफरी: डीन कॉस्कर, डेविड गिल्बर्ट, रंजन मदुगल्ले, एंड्रयू पाइक्रॉफ्ट, रिची रिचर्डसन, जावगल श्रीनाथ।
अंपायर: रोलैंड ब्लैक, क्रिस ब्राउन, कुमार धर्मसेना, क्रिस गैफनी, एड्रियन होल्डस्टॉक, रिचर्ड इलिंगवर्थ, रिचर्ड केटलबोरो, वेन नाइट्स, डोनोवन कोच, जयरमन मदनगोपाल, नितिन मेनन, सैम नोगाजस्की, केएनए पद्मनाभन, अल्लाहुद्दीन पालेकर, अहसान रजा, लेस्ली रीफर, पॉल रीफेल, लैंगटन रूसेरे, शरफुद्दौला इब्ने शाहिद, गाजी सोहेल, रॉड टकर, एलेक्स व्हार्फ, रवीन्द्र विमलासिरी, आसिफ याकूब।

 


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *