सिरपुर महोत्सव में विदेशी मेहमान होंगे शामिल


महासमुंद। सिरपुर के ऐतिहासिक वैभव और समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को नजदीक से समझने-देखने इस बार विदेशी मेहमान भी सिरपुर महोत्सव में पहुंचेंगे। तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन इस वर्ष और भी भव्य व आकर्षक होने जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के इतिहास, कला और संस्कृति के जानकार भाग लेंगे। महोत्सव में दक्षिण कोरिया से इतिहास, कला और संस्कृति के विशेषज्ञ आमंत्रित किए गए हैं। इनमें दक्षिण कोरिया के प्रो. जंग संगीर, किम डांग ग्वी, डॉ. ली ची रैन और एन नाजियम प्रमुख रूप से शामिल हैं, जिनकी सहभागिता से सिरपुर की अंतर्राष्ट्रीय पहचान और सशक्त होगी।
वहीं नागपुर से दीक्षा भूमि स्मारक समिति के अध्यक्ष भदंत आर्य नागार्जुन सुरई ससाई जी तथा कर्नाटक से भदंत प्रज्ञा बोधि थेरो की भी उपस्थिति सुनिश्चित हो चुकी है। देश के विभिन्न हिस्सों से बौद्ध धर्म के आर्य एवं विद्वान भी इस आयोजन में शामिल होकर सिरपुर की ऐतिहासिक और बौद्ध विरासत पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके अलावा महोत्सव में बॉलीवुड और छालीवुड के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधेंगे और दर्शकों को सांस्कृतिक रंगों से सराबोर करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाला यह महोत्सव सिरपुर की प्राचीन सभ्यता, विरासत, कला-संस्कृति और पर्यटन को राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगा।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *